Noida News : गाज़ियाबाद के ऐतिहासिक दूधेश्वरनाथ मठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया रुद्राभिषेक, कांवड़ यात्रा तैयारियों का लिया जायजा
सिटी क्राइम रिपोर्टर अनिल कुमार श्रीवास नोएडा
गाज़ियाबाद (उत्तर प्रदेश)। सावन माह के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाज़ियाबाद स्थित ऐतिहासिक दूधेश्वरनाथ मठ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो तथा सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए। उन्होंने कांवड़ मार्गों, शिविरों और मंदिर परिसर में सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद रहे।


Subscribe to my channel