Delhi News : दिनदहाड़े चोरी, स्नैचिंग और जेबकटी की घटनाओं से दहशत में लोग, पहाड़गंज चौक पर सीसीटीवी कैमरे की मांग तेज

जिला रिपोर्टर मनीष शुक्ला मध्य दिल्ली
नई दिल्ली। राजधानी के पहाड़गंज चौक पर दिनदहाड़े चोरी, स्नैचिंग और जेबकटी की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगभग हर दूसरे दिन यहां किसी न किसी व्यक्ति के साथ चोरी या लूटपाट की घटना होती है, जिससे राहगीरों, व्यापारियों और पर्यटकों में भय का माहौल बना हुआ है। हैरानी की बात यह है कि इस व्यस्त चौक के ठीक सामने पुलिस थाना मौजूद है, लेकिन इसके बावजूद अपराधों पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पूरे चौराहे की निगरानी के लिए पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं। केवल एक कैमरा होने के कारण पूरे इलाके की गतिविधियां रिकॉर्ड नहीं हो पातीं, जिससे कई मामलों में आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी मुश्किल हो जाती है।

ताजा घटना में एक कथित नशे की हालत में एक व्यक्ति का कॉलर पकड़ा और उसकी जेब से नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने तुरंत पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पर्याप्त सीसीटीवी कवरेज न होने के कारण आरोपी की पहचान करने में कठिनाई आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पूरे चौक पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, तो अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में पुलिस को काफी मदद मिलेगी तथा इस तरह की घटनाओं पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा। स्थानीय नागरिकों ने दिल्ली सरकार और संबंधित विभाग से मांग की है कि पहाड़गंज चौक पर जल्द से जल्द आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।


Subscribe to my channel