ब्रेकिंग न्यूज़

पत्नी के प्रेमी की कुल्हाड़ी से हत्या: एक ही कमरे में सो रहे युवक पर पति ने तड़के किया जानलेवा हमला

 

प्रेम-प्रसंग से भड़का विवाद बना हत्या की वजह, इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम; केरेगांव पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार

 

धमतरी, 9 जुलाई। धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग के चलते एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पत्नी के कथित प्रेमी के घर पहुंचने से नाराज पति ने देर रात सोते समय कुल्हाड़ी से उसके गले पर प्राणघातक वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बाजार कुर्रीडीह (स्कूलपारा) निवासी पूर्णिमा सोरी का पिछले करीब एक वर्ष से मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के दलौदा तहसील निवासी शंकर सूर्यवंशी के साथ कथित प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बताया गया कि शंकर समय-समय पर पूर्णिमा से मिलने उसके गांव आता था। करीब 15 दिन पहले पूर्णिमा अपनी दो बेटियों के साथ शंकर के घर भी गई थी और चार-पांच दिन रहने के बाद वापस लौट आई थी।

बुधवार शाम करीब सात बजे शंकर सूर्यवंशी फिर पूर्णिमा के घर पहुंचा। रात में भोजन के बाद पूर्णिमा, उसका पति योगेंद्र सोरी, दोनों बच्चे और शंकर एक ही हॉल में सो गए। इसी दौरान गुरुवार तड़के करीब तीन बजे योगेंद्र सोरी ने सो रहे शंकर पर कुल्हाड़ी से गले पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल शंकर को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर आरोपी योगेंद्र सोरी (38) को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग और उससे उपजा विवाद मुख्य कारण माना जा रहा है। मामले की विवेचना जारी है।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button