Madhya Pradesh News दिनदहाड़े चोरी से भड़का ग्रामीणों का गुस्सा,NH-934 पर डेढ़ घंटे जाम,पुलिस पर आरोपी छोड़ने का आरोप।
चोरी के आरोपी की गिरफ्तारी के बाद रिहाई के आरोप से उबाल,ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग रोककर जताया आक्रोश।

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
बड़ा मलहरा//अनुविभाग क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच शनिवार को दिनदहाड़े हुई एक चोरी ने ग्रामीणों के सब्र का बांध तोड़ दिया।चोरी की वारदात के बाद पकड़े गए आरोपी को पुलिस द्वारा छोड़ने के आरोप से नाराज ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग NH-934 पर करीब डेढ़ घंटे तक चक्काजाम कर दिया। जाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। जानकारी के अनुसार- शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे ग्राम निवासी अतरा नाथ के घर चोरों ने धावा बोल दिया।आरोप है कि बदमाश घर से दो बोरी गेहूं,लगभग 250 ग्राम चांदी की करधन,लगभग 250 ग्राम चांदी की पायल,हाथ का चूड़ा तथा एक चांदी का सिक्का चोरी कर ले गए। ग्रामीणों के अनुसार-मौके पर मौजूद नरेश नागवंशी ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी नरेश आदिवासी निवासी मनकारी को पकड़ लिया जबकि उसके साथ मौजूद लगभग छह अन्य आरोपी भाग निकले।इसके बाद ग्रामीणों ने पहाड़ी पर लगी झाड़ियों में तलाश की जहां से चोरी गया अधिकांश सामान बरामद कर लिया गया। ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी को तत्काल गुलगंज पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि फरियादियों का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी से केवल औपचारिक पूछताछ की और बाद में उसे छोड़ दिया। इसी आरोप से ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और दोपहर लगभग 3 बजे उन्होंने NH-934 पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

जाम के दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।हालांकि प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए आपातकालीन एवं आवश्यक वाहनों को रास्ता देकर संवेदनशीलता भी दिखाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब 4:10 बजे पुलिस अनुविभागीय अधिकारी रोहित अलावा ने ग्रामीणों से चर्चा कर चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने,फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पुनः सुचारु हो सका। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है।उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने,सक्रिय अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा आमजन का विश्वास बहाल करने की मांग की है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया, तो आंदोलन और भी व्यापक रूप ले सकता है।




Subscribe to my channel