ब्रेकिंग न्यूज़

Uttar Pradesh News भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने किसानों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

रिपोर्टर रफ़ी उल्लाह खान रामपुर उत्तर प्रदेश

रामपुर, 24 जून 2026। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के जिला अध्यक्ष मो. सलीम वारसी के नेतृत्व में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी रामपुर को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में किसानों को समय पर यूरिया एवं डीएपी खाद उपलब्ध कराने, नहरों की सफाई एवं कब्जा मुक्त कराने, बिलासपुर स्थित रूद्र-बिलास सहकारी चीनी मिल में नई मशीनें लगाने, स्वास्थ्य विभाग में व्याप्त अनियमितताओं की जांच कराने तथा वन विभाग से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सहकारी समितियों एवं दुकानों पर किसानों का शोषण हो रहा है तथा कई किसानों की फार्मर रजिस्ट्री भी नहीं हो सकी है। किसान नेताओं ने मांग की कि किसानों को आधार कार्ड के माध्यम से खाद उपलब्ध कराई जाए। साथ ही नहर विभाग द्वारा सफाई के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग की जांच कराकर नहरों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग भी उठाई गई।


भाकियू ने बिलासपुर क्षेत्र की रूद्र-बिलास सहकारी चीनी मिल में नई मशीनें लगाने की मांग करते हुए कहा कि पुरानी मशीनों के कारण गन्ना पेराई प्रभावित हो रही है, जिससे किसानों का रुझान गन्ना खेती से कम हो रहा है। संगठन ने स्वास्थ्य विभाग में कथित भ्रष्टाचार, फर्जी अस्पतालों के संचालन और नियम विरुद्ध नियुक्तियों की भी जांच कराने की मांग की। इसके अलावा पीपली वन और डंडिया वन क्षेत्र में अवैध कटान, नेशनल हाईवे किनारे लगाए गए वृक्ष सुरक्षा पिंजरों में अनियमितता तथा तहसील शाहबाद के ग्राम भगवतीपुर स्थित सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग भी ज्ञापन में प्रमुखता से उठाई गई। इस अवसर पर मो. सलीम वारसी (जिला अध्यक्ष, भाकियू) सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं किसान मौजूद रहे। किसानों ने प्रशासन से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button