Chhattisgarh News किसानों की शिकायतों के बीच कृषि अधिकारी विकास मिश्रा का अतिरिक्त प्रभार समाप्त, वरिष्ठ कृषि कार्यालय अकलतरा से हटाए गए

ब्यूरोचीफ राकेश कुमार साहू जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़
अकलतरा। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, विकासखंड अकलतरा द्वारा जारी आदेश के अनुसार ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (RAEO) विकास मिश्रा को वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय अकलतरा में दिए गए अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। 12 जून 2026 को जारी आदेश के तहत पूर्व में जारी कार्यालयीन आदेश क्रमांक 664 दिनांक 01 जनवरी 2026 को निरस्त करते हुए यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विकास मिश्रा के खिलाफ क्षेत्र के किसानों द्वारा लंबे समय से विभिन्न शिकायतें की जा रही थीं। किसानों का आरोप है कि खाद, बीज, पीएम किसान सम्मान निधि सहित कृषि संबंधी कार्यों के लिए कृषि कार्यालय पहुंचने वाले किसानों, जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकारों के साथ उनका व्यवहार संतोषजनक नहीं था, जिसकी शिकायतें उच्च अधिकारियों तक पहुंची थीं।
किसानों का कहना है कि विकास मिश्रा का मूल पदस्थापना क्षेत्र तागा-पौना है, लेकिन वरिष्ठ कृषि कार्यालय अकलतरा में अतिरिक्त प्रभार होने के कारण वे अक्सर अपने फील्ड क्षेत्र में अनुपस्थित रहते थे। इससे क्षेत्र के किसानों को छोटी-छोटी समस्याओं और योजनाओं से संबंधित कार्यों के लिए अकलतरा कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे। किसानों का मानना है कि अधिकारी की नियमित फील्ड उपस्थिति नहीं होने से कृषि विस्तार सेवाएं प्रभावित हो रही थीं। जांजगीर चांपा कलेक्टर महोदय ने शासकीय अधिकारी, कर्मचारीयो को कार्यालय आने वाले किसानों जनप्रतिनिधियो से सम्मानजनक व्यवहार करने निर्देश दिए थे उसके बाद भी यह शिकायत मिली है कुछ किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर कार्रवाई नहीं होने की बात कहकर उन्हें हतोत्साहित किया जाता था। वहीं हाल के दिनों में जनप्रतिनिधियों के साथ विवाद की चर्चाएं भी सामने आई थीं। इन घटनाओं के बाद किसानों ने कृषि विभाग के उच्च अधिकारियों से व्यवस्था में सुधार की मांग की थी। अब वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी द्वारा जारी नए आदेश में विकास मिश्रा को केवल उनके मूल पदस्थापना क्षेत्र में कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश की प्रतिलिपि उप संचालक कृषि, अनुविभागीय कृषि अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और सूचना के लिए भेजी गई है।

क्षेत्र के किसानों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि अब संबंधित अधिकारी अपने मूल कार्यक्षेत्र में अधिक समय देंगे, जिससे खाद-बीज वितरण, पीएम किसान सम्मान निधि तथा अन्य कृषि योजनाओं का लाभ किसानों को समय पर और सुगमता से मिल सकेगा। किसानों का कहना है कि कृषि विभाग की सेवाएं गांव स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचें, यही उनकी प्रमुख अपेक्षा है।




Subscribe to my channel