Uttar Pradesh News राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक में शैक्षिक सुधार, महिला सुरक्षा, शहरी माओवाद और वैश्विक परिदृश्य पर चार प्रस्ताव पारित
अभाविप की तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक भुवनेश्वर में संपन्न

रिपोर्टरप्रतीक अग्रवालआगरा उत्तर प्रदेश
स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम, वंदे मातरम् के 150 वर्ष, राष्ट्रीय एकात्मता यात्रा के 60 वर्ष एवं संत रविदास जी के 650वें प्राकट्योत्सव पर अभाविप चलाएगी देशव्यापी अभियान आगरा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक 29 से 31 मई में भुवनेश्वर में संपन्न हुई। बैठक में शैक्षिक सुधार, महिला सुरक्षा, शहरी माओवाद और वैश्विक परिदृश्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चार प्रस्ताव पारित किए गए हैं। इस बैठक में देशभर के विभिन्न प्रांतों से 400 से अधिक प्रतिनिधि कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।
केंद्रीय कार्यसमिति में पारित प्रस्ताव
प्रस्ताव क्रमांक 1
‘लोकतांत्रिक मूल्यों की पुनर्स्थापना हेतु पश्चिम बंग के जनमानस का अभिनंदन’
राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक में पारित प्रस्ताव
प्रस्ताव क्रमांक 1
‘शैक्षिक सुधारों को परिणामकारी बनाने हेतु धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक’
प्रस्ताव क्रमांक 2
‘सशस्त्र माओवाद के समाप्तिकाल में शहरी माओवाद एक गंभीर चुनौती’
प्रस्ताव क्रमांक 3
‘संगठित आपराधिक एवं जिहादी मानसिकता से महिलाओं के शोषण तथा मतांतरण पर लगे लगाम’
प्रस्ताव क्रमांक 4
‘वैश्विक अनिश्चितता के दौर में संयम एवं सजगता का सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प समय की मांग’
इन सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया साथ ही इनके क्रियान्वयन हेतु अभाविप निरंतर कार्यशील रहेगी ।
ब्रज प्रांत मंत्री आनंद कठेरिया ने कहा कि, “राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक में पारित प्रस्ताव विकसित, सुरक्षित, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध भारत के निर्माण के प्रति अभाविप की व्यापक दृष्टि को प्रतिबिंबित करते हैं। बैठक में शैक्षिक सुधारों, महिलाओं की सुरक्षा, शहरी माओवाद जैसी चुनौतियों तथा वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सजग नागरिक चेतना के निर्माण पर गंभीर चिंतन किया गया है। नीट-यूजी, सीयूईटी, सीबीएससी बोर्ड परीक्षा सहित विभिन्न परीक्षाओं में हुई विसंगतियाँ एवं पेपर लीक की घटनाएँ अत्यंत चिंताजनक हैं। अभाविप दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, एनटीए की निष्पक्ष जांच तथा पारदर्शी एवं विश्वसनीय परीक्षा तंत्र की स्थापना की मांग करती है। साथ-ही, विसंगतियों के चलते विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के मन में उत्पन्न अविश्वास को दूर करने की मांग करती है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप त्रि-भाषा नीति का स्वागत करते हुए भारतीय भाषाओं में अधिकाधिक परीक्षाएँ आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया है। साथ ही, उद्योग जगत से अनुसंधान, नवाचार, पेटेंट तथा भारतीय भाषाओं में अकादमिक लेखन को प्रोत्साहन देने हेतु निवेश बढ़ाने का आह्वान किया है। केंद्रीय मीडिया सदस्य सुमित शर्मा ने कहा कि इस वर्ष ‘SEIL@60’, ‘स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम’, ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’, आपातकाल निषेध के 50 वर्ष, श्री गुरु तेगबहादुर बलिदान दिवस के 350 वर्ष तथा संत रविदास जी के 650वें प्राकट्योत्सव जैसे अभियानों के माध्यम से अभाविप राष्ट्रीय एकात्मता, सांस्कृतिक चेतना और युवाओं की सकारात्मक सहभागिता को सशक्त करेगी। हमें विश्वास है कि भारत का युवा वर्ग अपनी प्रतिभा, नवाचार क्षमता और राष्ट्रीय चेतना के बल पर राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा।” प्रांत मीडिया संयोजक अंकुर शर्मा ने कहा कि हर वर्ष होने वाली इस राष्ट्रीय कार्य करी परिषद बैठक के अधार पर आगामी वर्ष में होने वाले कार्यक्रमों अभियानों की दिशा और दशा तय होती है इस बैठकके माध्यम से साल भर हुए कार्योंकी समीक्षा और योजना सम्भव है और आगे आने वाले सभी कार्यक्रमों और सभी अभियानों को अभाविप ब्रज प्रांत पूरे मनोयोग से पूरा करेगा । प्रेस वार्ता में सभी प्रस्तावों के क्रियान्वयन की जानकारी सभी पत्रकार बंधुओं के समक्ष रखी गई। इस अवसर पर महानगर मंत्री शिवांग खंडेलवाल हिमांशी माहौर विवेक सिंह आदि उपस्थित रहे।




Subscribe to my channel