Madhya Pradesh News पानी की समस्या को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण
वार्ड क्रमांक 04 सुड़गांव में पिछले एक माह से पेयजल संकट, ग्रामीणों ने अधिकारियों को घेरा

ब्यूरो चीफ इन्द्रमेन मार्को मंडला मध्यप्रदेश
मंडला। जिले के आदिवासी बाहुल्य विकासखंड मोहगांव अंतर्गत ग्राम पंचायत सुड़गांव में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 04 में विगत एक माह से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पानी की समस्या को लेकर संबंधित विभाग एवं पंचायत को कई बार आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। समस्या से परेशान महिला एवं पुरुष ग्रामीणों ने जन निवारण शिविर के दौरान गांव पहुंचे लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के इंजीनियर सोनम मरावी को रोककर अपनी समस्या से अवगत कराया और तत्काल समाधान की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से उन्हें दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान पीएचई विभाग के इंजीनियर सोनम मरावी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि समस्या का जल्द निराकरण किया जाएगा। वहीं ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव द्वारा भी अस्थायी व्यवस्था के तहत पानी का टैंकर उपलब्ध कराने की बात कही गई है। ग्रामीणों को अब विभागीय आश्वासन के क्रियान्वयन का इंतजार है, ताकि उन्हें पेयजल संकट से राहत मिल सके।




Subscribe to my channel