Madhya Pradesh News ग्राम अमखेड़ा में पधारे पूज्य शंकराचार्य अभिमुक्तेश्वरानंद, भक्तों ने की पुष्प वर्षा
'गौ रक्षक को ही दें वोट, गौ हत्या में लिप्त नेताओं का समर्थन पाप' - शंकराचार्य

जिला संवाददाता संतोष सिंह चौहान भिंड मध्य प्रदेश
पावन क्रम में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अभिमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का ग्राम अमखेड़ा में मंगल पदार्पण हुआ। यहां लोकप्रिय युवा नेता राघवेंद्र सिंह भदौरिया के निज निवास पर पूज्य शंकराचार्य जी का आगमन हुआ। धर्मप्रेमी ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर पुष्प वर्षा एवं जयघोष के साथ पूज्य महाराज का आत्मीय स्वागत-अभिनंदन किया। युवा नेता राघवेंद्र सिंह भदौरिया ने सपरिवार विधि-विधान से शंकराचार्य जी की आरती उतारकर चरण-पूजन किया एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए जगद्गुरु शंकराचार्य जी ने कहा, “संतों का परम कर्तव्य समाज को सन्मार्ग पर चलाना है। आज भारत में गौ हत्या का महापाप हो रहा है। दुर्भाग्य है कि गौ हत्या और गौ मांस की तस्करी में संलिप्त नेताओं को लोग अपना मत देकर विजयी बना रहे हैं, जिससे जाने-अनजाने में मतदाताओं को भी गौ हत्या का दोष लग रहा है।”जन समुदाय को सचेत करते हुए उन्होंने आह्वान किया, “अपना मत उसी को दें जो गाय को माता मानता हो और गौवंश की रक्षा-सुरक्षा के लिए कृतसंकल्पित हो। जो नेता गौ माता के संरक्षण हेतु कार्य नहीं करता, उसका समर्थन अधर्म को बढ़ावा देना है।”उन्होंने आगे कहा, “सच्चा हिंदू वही है जो इस विकट संकट काल में गौ माता की सेवा एवं रक्षा के लिए तन-मन-धन से तत्पर है। गौ रक्षा ही राष्ट्र रक्षा है।”शंकराचार्य जी के ओजस्वी उद्बोधन को सुनकर उपस्थित श्रद्धालुओं ने गौ सेवा एवं गौ रक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम में गौ रक्षक संतोष चौहान (लहार) विख्यात भागवत आचार्य अजय शास्त्री सहित अनेक गणमान्य नागरिक, धर्माचार्य भी उपस्थित रहे।




Subscribe to my channel