Chhattisgarh News रोजगार और प्रदूषण को लेकर कांग्रेस की चेतावनी: मांगें पूरी न होने पर 2 जून को लक्ष्मण बंकर बंद कराने का एलान

रिपोर्टर मनोज मानिकपुरी कोरबा छत्तीसगढ़
स्थानीय युवाओं को रोजगार न मिलने और क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण की गंभीर समस्या को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। इस संबंध में कांग्रेस ने एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के महाप्रबंधक को एक पत्र लिखकर सख्त चेतावनी दी है। कांग्रेस का कहना है कि यदि 1 जून तक बैठक बुलाकर इन समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो 2 जून को ‘लक्ष्मण बंकर’ का काम पूरी तरह बंद करा दिया जाएगा।
स्थानीय युवाओं की अनदेखी और जानकारी छिपाने का आरोप
असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सारथी ने पत्र के माध्यम से बताया कि एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के अंतर्गत पीएनसी इंफ्रा लिमिटेड कंपनी द्वारा कोयला और मिट्टी उत्खनन (माइनिंग) का कार्य किया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कंपनी प्रबंधन पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रबंधन द्वारा स्थानीय जानकारी छिपाई जा रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी में कार्यरत हेल्पर, ड्राइवर, सुपरवाइजर समेत अन्य कर्मचारियों के लाइसेंस, वोटर आईडी कार्ड और आधार कार्ड की सूची मांगी गई थी, जो बार-बार कहने के बाद भी अब तक उपलब्ध नहीं कराई गई है।
प्रमुख मांगें और समस्याएं
.स्थानीय युवाओं को अवसर: नरईबोध, भटोरा और भिलाईबाजार के स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग की गई है।
बाहरी भर्तियों का विरोध: कांग्रेस का आरोप है कि स्थानीय योग्य युवाओं को छोड़कर बाहरी राज्यों और अन्य जिलों के लोगों की भर्तियां की जा रही हैं।
त्रिपक्षीय बैठक की मांग: पीएनसी इंफ्रा लिमिटेड के महाप्रबंधक के साथ त्रिपक्षीय बैठक कराने का अनुरोध किया गया था, लेकिन प्रबंधन की ओर से अब तक इस पर कोई पहल नहीं की गई है।
प्रदूषण और जनजीवन प्रभावित: गेवरा क्षेत्र में भारी ब्लास्टिंग, पानी की समस्या और उड़ती धूल-प्रदूषण के कारण धरमपुर और गेवराबस्ती के ग्रामीण बेहद परेशान हैं, जिससे उनका सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
प्रशासन और पुलिस को दी गई सूचना
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया है कि इस संबंध में पहले भी 20 मई 2026 को पत्र लिखा जा चुका है। इस बार सौंपे गए चेतावनी पत्र पर पार्षद नवीन कुमार कुकरेजा के भी हस्ताक्षर हैं। आंदोलन और तालाबंदी की इस चेतावनी पत्र की प्रतिलिपि सुरक्षा और जानकारी के लिए दीपका थाना प्रभारी और पीएनसी कंपनी प्रबंधन को भी भेज दी गई है।




Subscribe to my channel