Rajasthan News वंदे गंगा कार्यक्रम: कोड्याई व बंधवाल में निकली कलश यात्राएं, जल संरक्षण की ली शपथ

रिपोर्टर सूरजमल वैष्णव सवाई माधोपुर राजस्थान
मंगलवार को वंदे गंगा कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत कोड्याई व थड़ोली के बंधवाल गांव में जल संरक्षण को लेकर विशेष आयोजन हुए। दोनों ही जगह महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कलश यात्राओं के माध्यम से जल बचाने का संदेश दिया।

ग्राम पंचायत कोड्याई में कार्यक्रम की शुरुआत पीपल पूजन से हुई, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा सहयोगिनी व राजीविका समूह की महिलाएं शामिल हुईं। महिलाओं ने अटल सेवा केंद्र से कलशों में जल भरकर कलश पूजन किया और ‘जल बचाओ, जल ही जीवन है’ के नारों के साथ कलश यात्रा निकाली। यात्रा ठाकुर जी के मंदिर पहुंची, जहां शिव परिवार का जलाभिषेक कर मंगल गीत गाए गए। वहीं ग्राम पंचायत थड़ोली के बंधवाल गांव में अमृत सरोवर का भूमि पूजन कर अमृत सरोवर से बालाजी मंदिर तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश, नारियल व फूलमालाएं रखकर डीजे पर भजनों की धुन पर नाचते-गाते हुए भाग लिया।
दोनों आयोजनों में वक्ताओं ने कहा कि जल प्रकृति का अमूल्य उपहार है और इसका संरक्षण हम सभी का सामूहिक दायित्व है। जल के बिना जीवन की कल्पना असंभव है, अतः प्रकृति की सभी अमूल्य वस्तुओं का संरक्षण जरूरी है। कार्यक्रमों में उपस्थित महिला-पुरुषों एवं कार्मिकों ने जल संरक्षण की प्रतिज्ञा ली।
कोड्याई में कलश यात्रा के बाद प्रशासक प्रेम देवी मीणा की अध्यक्षता में ग्राम सभा का आयोजन हुआ। इसमें मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान विजन 2047 के सर्वेक्षण व आकांक्षाओं का अनुमोदन किया गया। साथ ही स्वामित्व योजना के तहत ग्राम धनेसरा के भारतीय भू सर्वेक्षण विभाग से प्राप्त मैप 2.0, सर्वे तथा प्रॉपर्टी आईडी का अनुमोदन भी किया गया।
इन कार्यक्रमों में प्रशासक प्रेम देवी मीणा, कजोड़ी देवी, ग्राम विकास अधिकारी जोधराज गुर्जर, मनोज जोरवाल, कनिष्ठ सहायक रामराज गुर्जर, सीएचओ दिनेश गुर्जर एवं समाजसेवी धरतीराज गुर्जर, भरत शर्मा, रामसिंह, रामकेश, गायत्री देवी सहित समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, आशा सहयोगिनी व बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।



Subscribe to my channel