नगरी। नगर के वार्ड क्रमांक 7 स्थित बीएसएनएल टॉवर के पास लगे विद्युत ट्रांसफार्मर में सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ट्रांसफार्मर से उठती आग की ऊंची लपटें और आसमान में फैलता काला धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। घटना के बाद आसपास के रहवासियों में दहशत फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके तुरंत बाद ट्रांसफार्मर में आग भड़क उठी। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक बंदर के ट्रांसफार्मर पर कूदने से शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लग गई। हादसे में बंदर की भी मौके पर मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रांसफार्मर के नीचे से लेकर बिजली तारों तक लपटें पहुंच गईं। घटना के चलते कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम फायर ब्रिगेड वाहन के साथ मौके पर पहुंची। विद्युत सप्लाई बंद करवाने के बाद फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि ट्रांसफार्मर के आसपास मकान, दुकानें और अन्य विद्युत उपकरण मौजूद थे।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यदि आग कुछ देर और फैलती तो आसपास के घर इसकी चपेट में आ सकते थे। घटना के दौरान लोगों में भय और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और दूर खड़े होकर आग बुझाने की कार्रवाई देखते रहे।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या ट्रांसफार्मर में ओवरलोड माना जा रहा है। हालांकि विद्युत विभाग द्वारा वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। विभागीय अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन भी शुरू कर दिया है।
घटना के दौरान प्रशासन और विद्युत विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि इस पूरे हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग की सराहना की।