ब्रेकिंग न्यूज़

सांकरा नाके पर धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दिल्ली का तस्कर 7.724 किलो गांजा समेत गिरफ्तार, 4.35 लाख की संपत्ति जब्त

धमतरी

 

धमतरी। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना सिहावा पुलिस ने सांकरा फॉरेस्ट नाका में घेराबंदी कर अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 7 किलो 724 ग्राम गांजा, मोटरसाइकिल, मोबाइल और नगदी सहित करीब 4.35 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में गांजा, शराब, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए पुलिस द्वारा ट्राई-जंक्शन क्षेत्र बोरई, कुन्दई (ओडिशा) और विश्रामपुरी (कोंडागांव) में रणनीतिक रूप से चेक पोस्ट स्थापित कर सघन वाहन जांच की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 मई 2026 को थाना सिहावा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक RJ-20-BD-3334 में अवैध गांजा भरकर देवभोग-मेचका मार्ग से सांकरा होते हुए राजस्थान की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सांकरा फॉरेस्ट नाका में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोंटू शर्मा पिता रामेश्वर शर्मा, उम्र 40 वर्ष, निवासी मुंशीराम कॉलोनी, मुखर्जी नगर, उत्तर पश्चिम दिल्ली बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद स्काई ब्लू रंग के पिट्ठू बैग और प्लास्टिक पॉलिथीन से कुल 7 किलो 724 ग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपी गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा के अलावा हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और 2 हजार रुपये नगद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 4.35 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 41/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

धमतरी पुलिस की यह कार्रवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि बीते कुछ दिनों में सांकरा चेक पोस्ट पर लगातार बड़े गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। लगभग 20 दिन पहले सिहावा पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने 127.09 किलोग्राम गांजा सहित करीब 72.71 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की थी। इसके बाद 54.970 किलोग्राम गांजा के साथ 33.53 लाख रुपये की संपत्ति तथा एक अन्य कार्रवाई में 37.800 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था।

हाल ही में कपड़े बेचने की आड़ में तीन मोटरसाइकिलों से गांजा तस्करी कर रहे आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोपियों द्वारा बच्चों के कपड़ों के बीच लोहे के एंगल से बने विशेष बॉक्स में गांजा छिपाकर परिवहन किया जा रहा था। उस कार्रवाई में 131 किलोग्राम गांजा सहित करीब 69.61 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी।

लगातार हो रही इन सख्त और रणनीतिक कार्यवाहियों से धमतरी जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर पुलिस का दबाव बढ़ता जा रहा है।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button