Rajasthan News नीमकाथाना के रामलीला मैदान में हुई सभा: विधायक बोले- अब तेज गति से होगा विकास, ओमप्रकाश सांई की पत्नी का किया सम्मान

रिपोर्टर कपिल देव शर्मा नीमकाथाना राजस्थान
नीमकाथाना के जिला बनाने के बाद नीमकाथाना विधायक सुरेश मोदी का नीमकाथाना पहुंचने पर स्वागत किया गया। इस दौरान विधायक ने रामलीला मैदान में सभा को संबोधित किया। विधायक ने मुख्यमंत्री का आभार जताया
विधायक सुरेश मोदी ने कहा कि नीमकाथाना शुरू से ही जिले के पूरे मापदंड पूरा करता था। नीमकाथाना में एडीएम कार्यालय और जिला अस्पताल आने के बाद उन्हें पूरा विश्वास था कि नीमकाथाना को जिला की सौगात मिलेगी। जो मुख्यमंत्री ने पूरी की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सीकर को संभाग का दर्जा भी दिया। नीमकाथाना को जिला और सीकर को संभाग बनाने पर उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का आभार जताया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अब नीमकाथाना निश्चित तौर पर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगा।
तेज गति से होगा नीमकाथाना का विकास
पूर्व आईएस के एल मीणा ने कहा कि नीमकाथाना के लिए आज का दिन बहुत ही ऐतिहासिक दिन है। नीमकाथाना को जिला बनाने की मांग 70 सालों से चली आ रही थी। नीमकाथाना को जिला बनाने की मांग को लेकर काफी आंदोलन, धरना प्रदर्शन हुए। नीमकाथाना विधायक सुरेश मोदी ने भी नीमकाथाना को जिला बनाने की मांग को लेकर पदयात्रा की थी। इतने संघर्ष के बाद नीमकाथाना को जिले की सौगात मिली। उन्होंने कहा कि नीमकाथाना के जिला बनने पर नीमकाथाना के विकास में चार चांद लगेंगे। नीमकाथाना का विकास और भी ज्यादा गति से होगा। विकास के नए आयाम खुलेंगे।
ओमप्रकाश सांई के बेटे को नगरपालिका में संविदा पर नौकरी की घोषणा
कार्यक्रम में विधायक सुरेश मोदी ने नीमकाथाना को जिला बनाने के संघर्ष में अपना बलिदान देने वाले ओमप्रकाश सांई की पत्नी का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। विधायक ने कहा कि नीमकाथाना को जिला बनाने के लिए ओमप्रकाश ने 330 दिन तक भूख हड़ताल की थी। नगर पालिका के पूर्व पालिका अध्यक्ष त्रिलोक चंद दीवान ने ओमप्रकाश साईं के बेटे को नगर पालिका में संविदा पर नौकरी देने की घोषणा की।
ये रहे मौजूद
इस दौरान उनके साथ पूर्व आईएस केएल मीणा, पूर्व पालिका अध्यक्ष त्रिलोकचंद दीवान, पीसीसी सदस्यकांता प्रसाद शर्मा, पीसीसी सदस्य सुमित मोदी, नगरपालिका उपाध्यक्ष महेश मेगोतिया, पालिका उपाध्यक्ष राजेंद्र महरानिया समेत अनेक लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर कपिल देव शर्मा नीमकाथाना राजस्थान


Subscribe to my channel