Jharkhand News : धनबाद में संरक्षा पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन, 27 कर्मचारियों को किया गया सम्मानित
ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखंड
धनबाद: मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, धनबाद में सोमवार को संरक्षा पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल किशोर सिन्हा ने फरवरी 2025 के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 27 कर्मचारियों को सम्मानित किया।
इन कर्मचारियों ने रेल परिचालन की संरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने रेल फ्रैक्चर, हॉट एक्सल और अन्य तकनीकी खामियों की समय पर पहचान कर संभावित दुर्घटनाओं को टालने में सफलता पाई। इन सतर्क प्रयासों के कारण धनबाद मंडल में रेल सेवाएं सुरक्षित और सुचारू रूप से जारी रहीं।
पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा प्रमाण पत्र और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। श्री सिन्हा ने उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि रेलवे की संरक्षा बनाए रखना हर कर्मचारी की जिम्मेदारी है, और इन कर्मचारियों ने इसे बखूबी निभाया है।
इस अवसर पर मंडल के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। समारोह में कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा किए और संरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्धता जताई।
धनबाद मंडल रेल प्रशासन ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी कर्मचारी इसी तरह तत्परता और निष्ठा के साथ कार्य करते रहेंगे।