Uttar Pradesh News : मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी ने की अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा
लंबित विवेचनाओं, अनावरण शेष मामलों एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी के निर्देश।

ब्यूरो चीफ सुनील कुमार जयसवाल महाराजगंज उत्तर प्रदेश
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में मंगलवार को सैनिक सम्मेलन एवं मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित हुई। गोष्ठी की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक महराजगंज श्री शक्ति मोहन अवस्थी (IPS) ने की। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था एवं पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। सैनिक सम्मेलन में पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनकर उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। इसके बाद अपराध गोष्ठी में लंबित विवेचनाओं, अनावरण शेष अभियोगों, वांछित/पुरस्कार घोषित अपराधियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी, अपहृत/अपहृता एवं गुमशुदा की बरामदगी की समीक्षा की गई। ई-साक्ष्य, एसआईडी, ई-साक्ष्य, ऑपरेशन क्लीन एवं ऑपरेशन कन्विक्शन से संबंधित कार्यवाही की भी समीक्षा की गई।
आईजीआरएस, जनसुनवाई एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा बेहतर फीडबैक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। गंभीर प्रकरणों में थानाध्यक्षों को स्वयं जांच कर रिपोर्ट प्रेषित करने, विवेचनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कर माननीय न्यायालय में समय से आरोप पत्र प्रेषित करने तथा मुकदमों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही यक्ष ऐप के माध्यम से अपराधियों का नियमित सत्यापन कर उनकी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।

यूपी-112 पीआरवी के रिस्पांस टाइम की समीक्षा करते हुए समय से मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी थानों में सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त एवं क्रियाशील रखने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने भारत-नेपाल सीमा पर पशु तस्करी एवं अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी के निर्देश दिए। चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए आभूषण की दुकानों, होटलों एवं संदिग्ध प्रतिष्ठानों की नियमित चेकिंग करने को कहा गया।
आमजन के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा थाने-चौकियों पर अनावश्यक व्यक्तियों की बैठने एवं आवाजाही पर नियंत्रण रखने के निर्देश दिए गए। मिशन शक्ति केंद्र को सशक्त बनाने तथा पोक्सो एक्ट के मामलों में निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखने, बीपीओ के साथ साप्ताहिक बैठक करने, क्षेत्र की जानकारी अद्यतन रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। साथ ही एफआईआर दर्ज होने के बाद उसकी प्रति पीड़ित के निवास स्थान तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ सहित समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।


Subscribe to my channel