Jharkhand News : धनबाद नगर निगम की नई डिजिटल पहल: अब घर बैठे ट्रैक करें जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र का आवेदन
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की प्रक्रिया हुई हाईटेक, डाउनलोड भी होगा ऑनलाइन
ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद: जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अब लोगों को बार-बार नगर निगम कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। धनबाद नगर निगम (डीएमसी) ने नागरिकों की सुविधा के लिए जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र की पूरी प्रक्रिया को डिजिटल बनाते हुए ऑनलाइन ट्रैकिंग सुविधा शुरू कर दी है। नई व्यवस्था के तहत आवेदक घर बैठे अपने आवेदन की वर्तमान स्थिति देख सकेंगे और प्रमाण पत्र जारी होने के बाद उसे ऑनलाइन डाउनलोड भी कर सकेंगे। नगर आयुक्त आशीष गंगवार के निर्देश पर विकसित इस डिजिटल पोर्टल का उद्देश्य प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और समयबद्ध बनाना है। अब आवेदन जमा करते समय प्रत्येक आवेदक को एक रजिस्ट्रेशन नंबर और QR कोड उपलब्ध कराया जाएगा। आवेदक QR कोड स्कैन करके या पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज कर यह जान सकेंगे कि उनका आवेदन किस स्तर पर लंबित है और कब तक प्रमाण पत्र जारी होगा।

नगर निगम का मानना है कि इस नई व्यवस्था से नागरिकों को अनावश्यक दौड़-भाग से राहत मिलेगी। साथ ही कार्यालयों में भी भीड़ कम होगी और सेवाओं का निपटारा पहले की तुलना में अधिक तेजी से किया जा सकेगा। डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम से पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होने के साथ-साथ आवेदकों को हर चरण की जानकारी आसानी से उपलब्ध होगी। नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने बताया कि जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र को लेकर लोगों से लगातार शिकायतें और सुझाव मिल रहे थे। इन्हें ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन ट्रैकिंग सुविधा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि यह पहल नागरिक सेवाओं को तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे लोगों को प्रमाण पत्र प्राप्त करने में पहले से अधिक सुविधा और पारदर्शिता मिलेगी।


Subscribe to my channel