Uttar Pradesh News : 5 लाख मुआवजे की लालच में मां की हत्या; गुलदार के हमले की कहानी निकली झूठी

रिपोर्टर नौरोज़ हैदर बिजनौर उत्तर प्रदेश
बिजनौर । जनपद के थाना हीमपुर दीपा क्षेत्र में 70 वर्षीय महिला की मौत के मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जिस घटना को पहले गुलदार के हमले में हुई मौत माना जा रहा था, वह अब हत्या का मामला निकला है। पुलिस के अनुसार महिला की गला दबाकर हत्या की गई थी और वारदात को गुलदार के हमले का रूप देने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक 20 जुलाई 2026 की शाम गांव अजूपुरा जट से डायल-112 पर सूचना मिली थी कि खेत में घास काटने गई करीब 70 वर्षीय महिला की गुलदार के हमले में मौत हो गई है। सूचना पर थाना पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

21 जुलाई को प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण गला घोंटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। परिजनों सहित अन्य लोगों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान पुलिस का दावा है कि मृतका के छोटे बेटे बहाल सिंह ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसका अपनी मां से अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन खेत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने आवेश में आकर अपनी मां का गला दबा दिया। पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी ने घटना को गुलदार के हमले का रूप देकर सरकारी मुआवजा प्राप्त करने की साजिश रची। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। मृतका के बड़े बेटे की तहरीर के आधार पर थाना हीमपुर दीपा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है

Subscribe to my channel