ब्रेकिंग न्यूज़

Jharkhand News धनबाद पुलिस का वार्षिक निशानेबाजी अभियान शुरू, डीसी-एसएसपी ने दिखाई सटीक फायरिंग क्षमता

18 से 30 जून तक चलेगा मार्क्समैनशिप अभियान, 2586 पुलिसकर्मियों की होगी फायरिंग दक्षता जांच

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड

धनबाद, 20 जून 2026।
धनबाद पुलिस के वार्षिक फायरिंग दक्षता अभ्यास (मार्क्समैनशिप) अभियान की शुरुआत शनिवार को झारखंड सशस्त्र पुलिस-3 परिसर स्थित भूंईफोड़ मंदिर के पीछे बने फायरिंग रेंज में हुई। इस दौरान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न पोजीशन में फायरिंग कर अपनी निशानेबाजी क्षमता का प्रदर्शन किया। अभ्यास के दौरान अधिकारियों ने लेटकर, बैठकर, घुटनों के बल तथा खड़े होकर लक्ष्य भेदन का अभ्यास किया। उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि फायरिंग अभ्यास पुलिस प्रशिक्षण की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जो निशानेबाजी कौशल, सुरक्षित हथियार संचालन तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने की क्षमता को मजबूत करता है। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने फायरिंग रेंज के सुदृढ़ीकरण को लेकर गोविंदपुर अंचल और वन विभाग के अमीनों को स्थल पर बुलाकर भूखंड का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रेंच कटिंग कर पहाड़ी क्षेत्र के पानी को निकटवर्ती तालाब तक पहुंचाने के निर्देश दिए।


वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि 18 जून से 30 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान में जिले के 2586 पुलिस पदाधिकारी एवं जवान भाग ले रहे हैं। अभियान के तहत सभी कर्मियों की निशानेबाजी, हथियार संचालन क्षमता और फायरिंग कौशल का मूल्यांकन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को विभिन्न पोजीशन में फायरिंग का अभ्यास कराया जा रहा है, जिससे वे किसी भी परिस्थिति में प्रभावी कार्रवाई करने में सक्षम हो सकें। इस दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से पालन कराया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार नियमित फायरिंग अभ्यास से पुलिसकर्मियों में आत्मविश्वास बढ़ता है तथा सांस नियंत्रण, ट्रिगर तकनीक और रिकॉइल नियंत्रण जैसी क्षमताओं में सुधार होता है। अभियान के अंत में प्रत्येक पुलिसकर्मी की दक्षता का मूल्यांकन कर आवश्यकतानुसार अतिरिक्त प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, डीएसपी (विधि-व्यवस्था) प्रकाश सोय सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।

ChatGPT Image Jun 19, 2026, 03_57_34 PM

Related Articles

Back to top button