Jharkhand News दामोदर किनारे बंद रोपवे पर लोहे की लूट की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों की सतर्कता से खुला खेल
25 लाख रुपये के लोहे की अवैध कटाई का आरोप, गैस कटर-सिलेंडर छोड़ भागे आरोपी

ब्यूरो चीफ मिथिलेश पांडे धनबाद झारखण्ड
धनबाद के भौंरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत जहाजटांड़ स्थित दामोदर नदी किनारे बंद पड़े रोपवे की अवैध कटाई का मामला एक बार फिर चर्चा में है। सोमवार सुबह ग्रामीणों की सतर्कता से कथित रूप से लाखों रुपये मूल्य के लोहे की चोरी की बड़ी कोशिश विफल हो गई।ग्रामीणों के अनुसार करीब 20 से 25 लोग रोपवे के टावर, रस्से, डोली और अन्य लोहे के ढांचों को गैस कटर की मदद से काट रहे थे। जब स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर विरोध किया तो सभी आरोपी अपने उपकरण वहीं छोड़कर फरार हो गए।

सूचना मिलने पर पहुंची CISF की टीम ने घटनास्थल से 8 ऑक्सीजन सिलेंडर, 4 एलपीजी सिलेंडर, गैस कटर समेत भारी मात्रा में कटा हुआ लोहा जब्त किया। बरामद लोहे की अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और बंद पड़े रोपवे परिसंपत्तियों की निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां पहले भी सामने आ चुकी हैं, बावजूद इसके अवैध कटाई पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने तथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, जब्ती के बाद सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं।




Subscribe to my channel