Madhya Pradesh News तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर का समापन
सैकड़ों नागरिकों ने लिया शासकीय योजनाओं का लाभ जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी

रिपोर्टर नरेंद्र खांडेकर खरगोन मध्य प्रदेश
खरगोन 14 जून 2026। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार कृषि उपज मंडी कसरावद में आयोजित तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर का 14 जून 2026 को सफलतापूर्वक समापन हुआ। 12 जून से प्रारंभ हुए इस शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों एवं आम नागरिकों ने सहभागिता कर शासन की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा पात्रतानुसार लाभ लिया। तीन दिवसीय शिविर में राजस्व, पंचायत, महिला एवं बाल विकास, कृषि, स्वास्थ्य सहित प्रमुख विभागों के स्टॉल संचालित रहे। बड़ी संख्या में शासकीय योजनाओं के नए आवेदन प्राप्त कर पोर्टल पर दर्ज किए गए तथा अनेक समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर के अंतिम दिन आवेदकों की भारी भीड़ देखने को मिली। विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों की मौके पर ही जांच कर पात्र हितग्राहियों के आवेदन स्वीकृत किए गए। नागरिकों की समस्याओं को सुनते हुए त्वरित निराकरण की कार्रवाई भी की गई, जिससे लोगों को राहत मिली।

शिविर के सफल आयोजन पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्रीमती रीना किराड़ एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री कमलेश गोले ने समस्त विभागीय अमले का आभार व्यक्त किया। जनपद सदस्यों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी शासन-प्रशासन और क्षेत्र की जनता के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। समापन अवसर पर अतिथियों एवं अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि शिविर के दौरान प्राप्त शेष आवेदनों पर भी समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि कोई भी पात्र नागरिक शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनुबाई तंवर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष श्री मांगीलाल गाडगे, जिला महामंत्री श्री प्रकाश पाटीदार, मंडल अध्यक्ष श्री प्रहलाद राठौड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, एल्डरमैन, पार्षद प्रतिनिधि तथा जनपद पंचायत कसरावद के अधिकारी उपस्थित रहे।




Subscribe to my channel