Madhya Pradesh News थाना यातायात परिसर, प्रशिक्षण शाला में स्कूली बसों के वाहन चालकों एवं परिचारक हेतु आयोजित प्रशिक्षण

ब्यूरो चीफ राजू जोशी महाराज छतरपुर मध्य प्रदेश
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं लोक परिवहन वाहनों सहित अन्य वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन सुनिश्चित कराने हेतु छतरपुर यातायात पुलिस द्वारा सात दिवसीय विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
आज अभियान के समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक छतरपुर श्री रजत सकलेचा के निर्देशन में जिले में संचालित स्कूलों के बस चालकों एवं अटेंडर हेतु थाना यातायात परिसर प्रशिक्षण शाला में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया जिसमें शहर के स्कूलों के करीब 200 बस चालक एवं अटेंडर सम्मिलित हुवे।
यातायात प्रभारी बृहस्पति साकेत द्वारा उन्हें सुरक्षित वाहन चलाने के दिशानिर्देश, एवं सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी स्कूल परिवहन के दौरान रखे जाने वाली सावधानियों से अवगत कराया गया।
* स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए माननीय सुप्रीम कोर्ट ने स्कूल बसों सहित अन्य स्कूली वाहनों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनका सभी शैक्षणिक संस्थानों, चालकों और संचालकों को सख्ती से पालन करना अनिवार्य है।
* बस के आगे और पीछे स्पष्ट रूप से ‘स्कूल बस’ (School Bus) लिखा होना चाहिए। यदि बस किराए पर ली गई है, तो उस पर ‘स्कूल ड्यूटी पर’ (On School Duty) लिखा होना आवश्यक है।
* बस पर स्कूल का नाम और आपातकालीन संपर्क नंबर (टेलीफोन नंबर) स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए।
* बस की खिड़कियों पर बाहर की तरफ लोहे की ग्रिल (Horizontal Grills) लगी होनी चाहिए।
* बस के अंदर एक फर्स्ट-एड बॉक्स (First Aid Box) और अग्निशामक यंत्र का होना अनिवार्य है।
* बसों के दरवाजे ठीक से बंद होने चाहिए और उनमें विश्वसनीय लॉक लगे होने चाहिए।
* बस में छात्रों की सुरक्षा और देखभाल के लिए एक स्कूल अटेंडेंट (शिक्षक या परिचारक) का उपस्थित रहना जरूरी है।
* बस ड्राइवर के पास भारी वाहन चलाने का कम से कम 5 वर्ष का अनुभव होना चाहिए। उसे नशे की हालत में गाड़ी चलाने या किसी भी तरह के ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की अनुमति नहीं है।
* सभी स्कूल वाहनों में स्पीड गवर्नर (Speed Governor) लगा होना चाहिए ताकि बस की गति 40 किमी/घंटा से अधिक न हो।
* स्कूल बस के पास परिवहन विभाग का वैध परमिट होना चाहिए और इसे हर साल फिटनेस टेस्ट पास करना होता है।
सभी प्रमुख नियमों से अवगत कराया गया।
यातायात पुलिस की प्राथमिकता सड़क हादसो में कमी लाना है , सभी से अपील है कि यातायात नियमों का पालन करे और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने अपना अतुलनीय सहयोग प्रदान करें।




Subscribe to my channel