ब्रेकिंग न्यूज़

डोंगाडुला के पास दर्दनाक सड़क हादसा: 16 वर्षीय किशोर की मौत, साथी गंभीर गांव में पसरा मातम, पुलिस जांच में जुटी

तार में फंसी बाइक के बाद हुआ हादसा, धमतरी ले जाते समय टूटी सांस

 

धमतरी

नगरी थाना क्षेत्र के डोंगाडुला के पास सोमवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार, छिपली निवासी वीरेश पटेल (16 वर्ष) पिता अरुण पटेल एवं दीपक विश्वकर्मा पिता महेंद्र विश्वकर्मा सोमवार दोपहर डोंगाडुला से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान डोंगाडुला से कुछ दूरी आगे उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किसी वाहन से टकराव के बाद बाइक सड़क किनारे लगे तार के घेराव में फंस गई, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मानवता दिखाते हुए दोनों घायलों को नगरी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए धमतरी जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि धमतरी ले जाते समय रास्ते में वीरेश पटेल ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दीपक विश्वकर्मा का उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही नगरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

कम उम्र में हुई वीरेश की मौत से छिपली गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने बताया कि दोनों किशोर सामान्य रूप से घर लौट रहे थे, लेकिन कुछ ही पलों में यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया।

Indian Crime News

Related Articles

Back to top button