Madhya Pradesh News लोकेशन मध्यप्रदेश फसल बीमा व मुआवजे की मांग पर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू
बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई नहीं मिलने से नाराज, टेंट लगाकर आंदोलन पर बैठे किसान

रिपोर्टर महेंद्र बीजपारी आगर मालवा मध्य प्रदेश
कानड़। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के बाद भी फसल बीमा एवं राहत राशि नहीं मिलने से नाराज किसानों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना आंदोलन शुरू कर दिया। भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत के नेतृत्व में सारंगपुर-डुपाड़ा मार्ग पर टेंट लगाकर किसानों ने धरना प्रारंभ किया। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे सैकड़ों किसान अपनी मांगों को लेकर आंदोलन में शामिल हुए और शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शीघ्र राहत राशि जारी करने की मांग की।
किसानों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा के कारण गेहूं, चना, मसूर सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा था। प्रशासन द्वारा सर्वे भी कराया गया, अधिकारियों ने खेतों का निरीक्षण किया तथा जिला स्तर के अधिकारियों ने भी नुकसान का जायजा लिया, लेकिन इसके बावजूद अधिकांश किसानों को न तो पर्याप्त मुआवजा मिला और न ही फसल बीमा की पूरी राशि प्राप्त हुई। इससे किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

भीषण गर्मी और नौतपा के बढ़ते तापमान के बीच भी किसान धरना स्थल पर डटे रहे। आंदोलन की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई किसान अनिश्चितकालीन धरने के लिए अपने घरों से आवश्यक सामान लेकर पहुंचे हैं। धरना स्थल पर टेंट, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी किसानों द्वारा स्वयं की गई हैं।
भारतीय किसान संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष डूंगरसिंह सिसोदिया ने कहा कि किसान लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। फसलों को हुए नुकसान का सर्वे होने और अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किए जाने के बावजूद किसानों को उनका हक नहीं मिल पाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही फसल बीमा और राहत राशि का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा किसान सड़कों पर उतरकर बड़ा जनआंदोलन करेंगे।
तहसील अध्यक्ष रामसिंह गुर्जर ने कहा कि कानड़ क्षेत्र में बड़ी संख्या में किसान प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुए हैं। सर्वे के दौरान अधिकारी किसानों के खेतों तक पहुंचे थे और जिला कलेक्टर ने भी नुकसानग्रस्त फसलों का निरीक्षण किया था। इसके बावजूद किसानों को अब तक राहत राशि नहीं मिलना चिंता का विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक किसानों की मांगों का निराकरण नहीं होगा, तब तक धरना जारी रहेगा।
धरने में क्षेत्र के अनेक गांवों के किसान, किसान संघ के पदाधिकारी एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे। किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित किसानों को शीघ्र फसल बीमा राशि और उचित मुआवजा प्रदान कर आर्थिक राहत दी जाए। धरना स्थल पर भारतीय किसान संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष डूंगरसिंह सिसोदिया, जिला मंत्री राघुसिंह, तहसील अध्यक्ष रामसिंह गुर्जर, तहसील मंत्री राजेंद्रसिंह राजपूत, तहसील प्रभारी रामनारायण गुर्जर, जिला जैविक प्रमुख मुकाती सहित किसान संघ के अनेक पदाधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।




Subscribe to my channel